NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

ग्रामीण क्षेत्रों भागीदारी से भव्य बनेगा फरीदाबाद हाफ मैराथन : डीसी आयुष सिन्हा

ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक भागीदारी से भव्य बनेगा फरीदाबाद हाफ मैराथन : डीसी आयुष सिन्हा

– डीसी ने जिले के सभी सरपंचों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक, हाफ मैराथन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की

– ग्रामीण युवाओं और आमजन को ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ के संदेश से जोड़ने पर दिया जोर

– सरपंच एवं जनप्रतिनिधि गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक करवाएं पंजीकरण

– फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में 5, 10 और 21 किलोमीटर की श्रेणियां उपलब्ध

– इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल https://faridabadhalfmarathon.in/ पर करें पंजीकरण

फरीदाबाद, 27 अगस्त।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 को जिले का एक भव्य आयोजन बनाने में ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल दौड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और समाज में सकारात्मक सोच का संदेश देने का एक महत्वपूर्ण अभियान है।

डीसी आयुष सिन्हा ने आज वीरवार जिले के सभी सरपंचों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 के संबंध में विस्तार से चर्चा की। बैठक में जिला परिषद् की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा भी मौजूद रहीं।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में मैराथन का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाएं तथा ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि गांवों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित होने से आयोजन को नई ऊर्जा मिलेगी और ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ के संदेश को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

गांव-गांव पहुंचाएं मैराथन का संदेश, अधिक से अधिक करवाएं पंजीकरण: डीसी
उपायुक्त ने कहा कि सरपंच और स्थानीय जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को मैराथन की जानकारी दें और अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन जिले के हर वर्ग और हर क्षेत्र को एक मंच पर जोड़ने का अवसर है।

उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं से अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और नशे से दूर रहकर खेल, फिटनेस एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि जब गांवों से बड़ी संख्या में युवा और आमजन मैराथन में शामिल होंगे तो यह आयोजन स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के सामूहिक संकल्प का मजबूत संदेश देगा।

5, 10 और 21 किलोमीटर की श्रेणियों में भागीदारी का अवसर
डीसी ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में प्रतिभागियों के लिए 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की श्रेणियां उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग आयु वर्ग एवं क्षमता के नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार इन श्रेणियों में पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने गांवों में लोगों को इन श्रेणियों के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं।

फरीदाबाद हाफ मैराथन बनेगा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का संदेशवाहक
उपायुक्त ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सामूहिक भागीदारी इसे एक भव्य आयोजन का रूप देगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का एक साथ दौड़ना फरीदाबाद की एकजुटता और सामाजिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे स्वयं भी मैराथन में भाग लें और अपने गांव के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। उन्होंने सभी सरपंचों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे इसे केवल एक आयोजन न मानते हुए सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में लें और अपने-अपने गांवों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

आधिकारिक पोर्टल पर करें पंजीकरण
फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल https://faridabadhalfmarathon.in/ पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें और ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को मजबूत करें।

Related posts

Translate »