NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES 

मंत्री राजेश नागर ने निगम आयुक्त के साथ की बैठक

तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मंत्री राजेश नागर ने निगम आयुक्त के साथ की बैठक
— सेक्टर 16 सर्किट हाउस में मंत्री राजेश नागर ने पार्षदों एवं ठेकेदारों से वार्ड अनुसार ली रिपोर्ट

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने बुधवार को सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त यशेन्द्र सिंह के साथ तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र के सभी पार्षदों, संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों से विकास कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट ली गई।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वीकृत विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और कार्यों में अनावश्यक देरी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों को लेकर मंत्री ने संबंधित ठेकेदार को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि काम की गति में तत्काल तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ठेकेदार निर्धारित समय के अनुसार कार्य पूरा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने सभी संबंधित एसडीओ और एक्सईएन को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जिन विकास कार्यों के बजट तैयार किए जाने हैं, उनके बजट जल्द से जल्द तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि विकास कार्यों को बिना देरी शुरू कराया जा सके।
राजेश नागर ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सीवर, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में भाजपा नेता सुधीर नागर, पार्षद लाल मिश्रा, पार्षद प्रदीप टोंगर, पार्षद प्रतिनिधि शीशराम अवाना, पार्षद प्रतिनिधि सुमंत चंदेल, पूर्व उम्मीदवार अमित भारद्वाज एवं अजय प्रताप भड़ाना प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

फोटो।

Related posts

Translate »