IPL 2018, KKR vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स के ‘इस खास मटेरियल’ से बच पाएगा केकेआर?
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में आज रात आठ बजे कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना विजयी रथ पर सवार चेन्नई सुपर किंग्स से होगा. कोलकाता की टीम भले ही अपने घर ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेल रही होगी लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के पास “बहुत ही खास मटेरियल” है, जो उसे जीत का प्रबल दावेदार बना रहा है. आप देख ही रहे हैं कि अभी तक चेन्नई ने कैसे टीमों को बुरी तरह धोया है. कप्तान धोनी और अंबाती रायुडु बल्ले से मानो आग उगल रहे हैं. धोनी ने अभी तक 71.50 की औसत से कुल 286 रन बनाए हैं. वहीं, अंबाती रायुडु ने भी अभी तक कुल 370 रन बनाए हैं. और इसी संयोजन के कारण चेन्नई सुपर किंग्स खास मटेरियल को अपनी झोली में डालने में सफल रहा.चेन्नई ने उन्हें शुरुआत में सलामी बल्लेबाज के तौर पर इस्तेमाल किया था, लेकिन पिछले मैच में फैफ डु प्लेसिस को शामिल करने के बाद वह मध्यक्रम में खेले और यहां भी रायुडु का बल्ला ओपनिंग के अंदाज में ही विरोधी टीम पर अच्छा-खासा बरसा. उनके अलावा शेन वॉटसन पर सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी है जिसे उन्होंने बखूबी निभाया है. उनकी और डु प्लेसिस की सलामी जोड़ी किसी भी विपक्षी टीम को अच्छी शुरुआत के सपने पर पानी फेर सकती है.हालांकि, आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज सुरेश रैना हालांकि अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं. निचले क्रम में चेन्नई के पास ड्वेन ब्रावो जैसे बल्लेबाज भी हैं जो तेजी से रन बटोरने और बड़े शॉट लगाने में माहिर हैं. बल्लेबाजी के अलावा चेन्नई की गेंदबाजी भी शानदार है, जिसमें ब्रावो की भी अहम भूमिका रही है.वहीं, कोलकाता ने अपने पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को मात दी थी. उस जीत से निश्चित ही टीम के आत्मविश्वास को बल मिला होगा. टीम की बल्लेबाजी मजबूत है. टीम को अच्छी शुरुआत देने की जिम्मेदारी क्रिस लिन पर रहेगी. लिन को रोकना धोनी के लिए भी एक बड़ी चुनौती रहेगी. अगर लिन के साथ सुनील नारायण पारी की शुरूआत करने आते हैं तो यह जोड़ी कुछ भी करने में समर्थ है. इनके अलावा कप्तान दिनेश कार्तिक और उप-कप्तान रॉबिन उथप्पा भी अच्छी फॉर्म में हैं. टीम की ताकत उसकी स्पिन तिकड़ी है जिसमें कुलदीप यादव, पीयूष चावला और नारायण हैं.
दोस्तों वाकई मुकाबला बहुत ही रोमांचक होने जा रहा है. देखने वाली बात ही है कि केआर का जोश ज्यादा भारी पडे़गा, या चेन्नई सुपर किंग्स का अनुभव या कहें कि उसका वह खास मैटेरियल, जिसने उसके खिलाड़ियों का सीना बहुत ही चौड़ा कर दिया है.

