इस्राइली सेना ने सीरिया में ईरान के लगभग सभी ठिकानों पर किए हमले
यरुशलम , 10 मई ( दिन न्यूज़ ) इस्राइल की सेना ने सीरिया में ईरान के लगभग सभी ठिकानों पर रातभर हमले किए। रक्षा मंत्री एविग्डोर लिबरमैन ने आज यह जानकारी दी।
इससे पहले उसने अपने सैन्य ठिकानों पर रॉकेट और मिसाइल दागने के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया था।
लिबरमैन ने एक सुरक्षा कांफ्रेंस में कहा , ‘‘ हमने सीरिया में ईरान के लगभग सभी ठिकानों पर हमले किए। ’’
इस्राइली सेना ने आज कहा , ‘‘ उन्हें यह याद रखने की जरुरत है कि अगर हम पर बारिश होगी तो उन पर आंधी चलेगी। मैं उम्मीद करता हूं हमने यह प्रकरण खत्म कर दिया और हर कोई इसे समझता है। ’’
सेना ने कहा कि हाल के वर्षों में ईरान के ठिकानों के खिलाफ यह इस्राइली सेना का सबसे बड़ा अभियान है।
इस्राइल ने कहा कि करीब मध्य रात्रि को गोलन हाइट्स में उसकी सेना पर सीरिया की ओर से लगभग 20 रॉकेट दागे गए। हमले में कोई भी इस्राइली नागरिक घायल नहीं हुआ। इसके बाद उसने हमले किए।
लिबरमैन ने कहा , ‘‘ हम तनाव बढ़ाना नहीं चाहते लेकिन हम पर हमला करने वाले या भविष्य में हम पर हमला करने के लिए ढांचा तैयार करने वालों को नहीं छोड़ेंगे। ’’

