खेल हिंदी न्यूज़ 

IPL 2018, DD vs SRH: दिल्ली डेयर डेविल्स को रखना होगा इस अहम बात का ध्यान वर्ना…

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में सबसे खराब प्रदर्शन से गुजर रही दिल्ली डेयरडेविल्स को अब भी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन डीडी के मैनेजमेंट को आज देर रात सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने जा रहे मुकाबले में बहुत ही खास बात का ध्यान रखना होगा. बता दें कि केन विलियमसन की टीम हैदराबाद ने अपने पिछले 10 मैचों में से आठ में जीत चुकी है और उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बचे मुकाबलों में सिर्फ एक पर जीत की मुहर लगानी है. हैदराबाद के 10 मैच में 16 अंक हैं, वहीं दिल्ली 10 में से केवल तीन ही मुकाबले में जीतने में सफल रही है.

हैदराबाद और दिल्ली आईपीएल में अभी तक 11 बार एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं. इनमें सात जीतों के साथ हैदराबाद ने अपना दबदबा बनाया हुआ है. राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पिछले मैच में हैदराबाद ने दिल्ली को सात विकेट से हराया था. ऐसे में दिल्ली इस बार अपनी हार का बदला भी लेना चाहेगी. दिल्ली की सलामी बल्लेबाजी उतार-चढ़ाव से गुजर रही है.

हालांकि, युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद श्रेयस अय्यर की टीम को अच्छे रन बनाने में मुश्किल हो रही है. पृथ्वी के अलावा, श्रेयस और विकेटकीपर ऋषभ पंत भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और आशा है कि हैदराबाद के खिलाफ टीम अच्छा स्कोर बनाएगी. वहीं, दिल्ली की गेंदबाजी पर नजर डालें, तो न्यूजीलैंड के ट्रैंट बाउल्ट, आवेश खान, इंग्लैंड के लियाम प्लंकट और हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर के साथ स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. बावजूद इसके दिल्ली खास बात की अनदेखी का जोखिम बिल्कुल भी नहीं ले सकती.

उधर, सनराइजर्स की गेंदबाजी अफगानिस्तान के युवा तेज गेंदबाज राशिद खान और बांग्लादेश के शाकिब अल-हसन बहुत ही बेहतरीन तरीके से संभाल रहे हैं. हैदराबाद की स्पिन गेंदबाजी में अन्य गेंदबाजों को भुवनेश्वर कुमार और सिद्धार्थ कौल का साथ भी मिल रहा है. ऐसे में विलियमसन को शिखर धवन, एलेक्स हेल्स, रिद्धिमान साहा और मनीष पांडे का साथ मिल रहा है. दिग्गज खिलाड़ी युसुफ पठान को अपनी फॉर्म में आने में थोड़ा समय लगा है. ऐसे में साफ है कि दिल्ली बहुत ही दबाव के साथ मैदान पर उतरेगी. रात को खेले जाने वाले मुकाबले के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हो सकती हैं:-
दिल्ली डेयरडेविल्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, ग्लेन मैक्सवेल, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, नमन ओझा, विजय शंकर, डैनियल क्रिस्टियन, लियाम प्लंकेट, अमित मिश्रा, आवेश खान, ट्रेंट बाउल्ट
सनराइजर्स हैदराबाद : केन विलियमसन (कप्तान), एलेक्स हेल्स, शिखर धवन, मनीष पांडे, यूसुफ पठान, शाकिब-अल-हसन, रिद्धिमान साहा, भुवनेश्वर कुमार, राशिद खान, सिद्धार्थ कौल,  संदीप शर्मा,
दिल्ली डेयर डेविल्स को इस खास बात का ध्यान रखना ही होगा कि अगर उसे प्ले-ऑफ में जगह बनानी है, तो उसे आज के मुकाबले सहित बचे अपने सभी मुकाबले जीतने होंगे. उसे ध्यान रखना होगा कि उसके छह अंक हैं. और टूर्नामेंट के इतिहास में अभी तक 12 अंकों के साथ कोई भी टीम प्ले-ऑफ में नहीं पहुंच सकी है. ऐसे में दिल्ली के पास बचे चार मैच जीतकर अपने प्वाइंट्स 14 करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं ही है. और यह स्थिति बताती है कि अगर आज दिल्ली हारी, तो उसके लिए टूर्नामेंट एक तरह से यहीं खत्म हो जाएगा.

Related posts

Translate »