नवाज शरीफ ने माना, पाकिस्तानी आतंकियों ने दिया था 26/11 के मुंबई हमले को अंजाम
नई दिल्ली: पाकिस्तान के बेदखल प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने शनिवार को यह कबूल किया कि 2008 में मुंबई पर हुए 26/11 के आतंकी हमले को पाकिस्तानी आतंकियों ने ही अंजाम दिया था. डॉन अखबार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने यह बात मानी.
अखबार के अनुसार नवाज ने कहा, ‘आतंकी संगठन सक्रीय हैं. नॉन स्टेट एक्टर्स कह कर क्या हम उन्हें सीमा लांघ कर मुंबई में 150 लोगों की जान लेने की इजाजत देनी चाहिए? मुझे बताएं. हम मामले की सुनवाई पूरी क्यों नहीं कर सकते?’
भारत लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ही 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले को अंजाम दिया था जिसमें 166 लोग मारे गए थे. पीठ पर बैग लिए स्वचालित हथियारों और ग्रेनेड लॉन्चरों से लैस 10 आतंकियों ने एक साथ मुंबई की कई जगहों पर हमला किया था. तीन दिन की मशक्कत के बाद 9 आतंकी मार गिराए गए थे जबकि एक को जिंदा पकड़ा गया था.
