बीएस येदियुरप्पा होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, राज्यपाल ने दिया सरकार बनाने का न्यौता
नई दिल्ली: बीएस येदियुरप्पा के कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में गुरुवार सुबह 9 बजे शपथ लेंगे. बुधवार रात को राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्यौता दिया. गौरतलब है कि इससे पहले कर्नाटक बीजेपी ने राज्य में सरकार बनाने को लेकर एक ट्वीट किया था. इस ट्वीट में पार्टी ने कहा कि येदियुरप्पा द्वारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और वह कल सुबह 9 बजे शपथ लेंगे. गौरतलब है कि बुधवार शाम से कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर सभी पार्टियां अलग-अलग दावा कर रही थीं.
इस ट्वीट के कुछ सेकेंड्स में ही वायरल होने के बाद कर्नाटक बीजेपी ने इसे अपने ट्विटर अंकाउंट से डिलीट कर दिया. गौरतलब है कि कर्नाटक चुनाव के परिणाम आने के बाद से लेकर अब तक राज्य में कौन सी पार्टी सरकार बनाएगी यह साफ नहीं हो पाया है. हालांकि बुधवार शाम को कांग्रेस और जेडीएस के विधायकों ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर अपने पास संख्या होने का दावा किया था.साथ ही राज्यपाल से सरकार बनाने का मौका देने की भी बात की थी. गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनावों में त्रिशंकु विधानसभा के नतीजे के बाद अब सभी की निगाहें कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला पर टिक गई हैं. इन सब के बीच कर्नाटक बीजेपी के एक विधायक ने दावा किया है कि गुरुवार को बीएस येदियुरप्पा राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. वहीं एनडीटीवी से खास बातचीत में बीजेपी के प्रवक्ता मधुसूदन ने कहा कि येदियुरप्पा कल सुबह अकेले ही शपथ लेंगे.

