IPL 2018, RCB vs SRH: …तो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी को पड़ सकते हैं लेने के देने!
नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-11 में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आज रात आठ बजे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. बेंगलोर ने दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब को मात देकर अपने प्लेऑफ में जाने की संभावानाओं के किसी तरह जिंदा रखा है. लेकिन आज अगर कप्तान विराट कोहली को बेंगलोर की उम्मीदों को बरकरार रखना है, तो उन्हें एक बहुत ही खास बात का ध्यान रखना होगा. और अगर इस बाबत आज बेंगलोर ने इस बात से आंखें चुराईं, तो उसे लेने के देने भी पड़ सकते हैं.
बेंगलोर का प्रदर्शन हालांकि कुछ खास नहीं रहा है और बल्लेबाजी कप्तान विराट कोहली और अब्राहम डिविलियर्स के जिम्मे ही है. कोई और बल्लेबाज अभी तक इन दोनों की छांव से निकल कर टीम के लिए बड़ा योगदान नहीं दे पाया है. ऐसा नहीं है कि टीम में अच्छे बल्लेबाजों की कमी है. ब्रेंडन मैकललम, मोइन अली जैसे अच्छे बल्लेबाज टीम के पास हैं, लेकिन वे बल्ले से नाकाम ही रहे हैं. मनदीप सिंह भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.
कोरी एंडरसन, कोलिन डी ग्रांडहोम ने जरूर निचले क्रम में टीम को कुछ हद तक संभाला है. गेंदबाजी में उमेश यादव ने जिम्मेदारी लेते हुए टीम का भार संभाला तो वहीं मोहम्मद सिराज ने उनका बखूबी साथ दिया. स्पिन विभाग में युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन संदर भी टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.
वहीं, अगर हैदराबाद की बात की जाए तो टीम बल्लेबाजी में अपने कप्तान केन विलियमसन के जिम्मे है. उन्होंने अभी तक कुल 544 रन बनाए हैं. टूर्नामेंट से आगे बढ़ते हुए सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का बल्ला भी बोलने लगा है. उन्होंने अभी तक कुल 369 रन बनाए हैं. बल्लेबाजी में धवन और विलियमसन के अलावा कोई और आगे नहीं आ पाया है.
युसुफ पठान, मनीष पांडे, शाकिब अल हसन अपने प्रदर्शन में निरंतरता रखने में सफल नहीं रहे हैं. हैदराबाद की ताकत उसकी गेंदबाजी है और इसी के दम पर वह लगातार जीत के रास्ते पर बनी हुई है. राशिद खान, शाकिब, भुवनेश्वर कुमार, संदीप शर्मा जैसे गेंदबाजों के रहते टीम ने छोटे से छोटे से लक्ष्य का बचाव किया है. आज के मुकाबले के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हो सकती हैं:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर : विराट कोहली (कप्तान), पार्थिव पटेल, एबी डि विलियर्स, मनदीप सिंह, सर्फराज खान, मोईन अली, कोलिन डि ग्रैंडहोम, टिम साउदी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल
सनराइजर्स हैदराबाद : केन विलियमसन (कप्तान), शिखर धवन, एलेक्स हेल्स, मनीष पांडे, दीपक हुड्डा, शाकिब-हल-हसन, रिद्धिमान साहा/श्रीवत्स गोस्वामी, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल और संदीप शर्मा
जैसा कि हमने बताया कि आरसीबी को एक खास बात को लेकर बहुत ही सतर्क रहना होगा. बात यह है कि हैदराबाद ने गेंदबाजों ने अभी तक बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है. लेकिन इसमें भी अहम बात यह है कि हैदराबाद ने अभी चटकाए अपने 75 में से 34 विकेट 7वें से 15वें ओवर के बीच चटकाए. इस बात का अनुभव आरसीबी को भी हैदराबाद के खिलाफ अपने पिछले मैच में हुआ, जब उनका 6 ओवर में स्कोर 1 विकेट पर 55 रन था. लेकिन 12वें ओवर में यह स्कोर 5 विकेट पर 85 रन था.

