Mowgli Trailer: नई कहानी और नए अंदाज में दिखेगा ‘मोगली’, पहला ट्रेलर हुआ रिलीज
नई दिल्ली: वॉर्नर्स ब्रदर्स ने ‘मोगली’ फिल्म का पहला ट्रेलर रिलीज कर दिया है. इस फिल्म के डायरेक्टर एंडी सरकीस हैं. भारत के जंगलों पर मोगली की कहानी मशहूर लेखक रुडयार्ड किपलिंग द्वारा लिखी गई है. इसी पर आधारित फिल्म ‘मोगली’ में एक बच्चा है जो जंगलों में जानवरों के साथ ही पला-बढ़ा होता है. इस फिल्म में रोहन चंद नाम का बच्चा ‘मोगली’ का किरदार निभा रहा है. इस बार एक नई कहानी के साथ मोगली इंसानों से लड़ता हुआ नजर आएगा. जंगल में मोगली की संघर्ष की कहानी दर्शाने वाली इस फिल्म में इस बार भी शेरखान का सामना करने के लिए बघीरा और बल्लू भी होंगे. ट्रेलर में विजुअल्स और एनिमेशन का दमदार डोज है.
साल 2016 में आई फिल्म ‘द जंगल बुक’ में मोगली, बघीरा को मिलता है और फिर भेड़ियों का एक झुंड मोगली को पाल-पोस कर बड़ा करता है. फिर एक दिन शेरखान नज़र मोगली पर पड़ती है जिसे मारकर वह इंसानो से अपना बदला लेना चाहता है. ऐसे में मोगली को बचाने के लिए भेड़िये, भालू, बघीरा सरीखे उसके सारे दोस्त शेरखान से भिड़ जाते हैं. कुछ ऐसी ही कहानी ‘मोगली’ में भी देखने को मिलेगी, लेकिन इस बार कुछ अलग अंदाज होगा. फिल्म के डायरेक्टर एंडी सरकीस वहीं है, जिन्होंने ‘प्लैनेट ऑफ द एप्स’ में चिंपैंजी का रोल निभाया था. इसके लिए उनकी काफी सराहना भी हुई थी. इस बार वह डायरेक्टर की भूमिका में हैं.

