बिहार-झारखंड का हार्डकोर नक्सली नेता दिवेंदु सिंह उर्फ आनंद पटना में गिरफ्तार
पटना : नक्सली नेता अपने बाल बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से कोई समझौता नहीं करते हैं.यह बात एक और नक्सली नेता की गिरफ़्तारी के बाद सामने आई है. शनिवार को पटना में बिहार और झारखंड के हार्डकोर नक्सली नेता दिवेंदु सिंह उर्फ आनंद को गिरफ़्तार किया गया. दिवेंदु सिंह झारखंड के चाइबासा में पुलीस मुठभेड़ में घायल होने के बाद पटना में अपने घर पर इलाज करा रहा था. इसी दौरान उसकी गिरफ्तारी हुई है.गिरफ़्तारी के बाद पुलीस ने दिवेंदु सिंह और उसके परिवार वालों से पूछताछ की. इसमें साफ हुआ कि उनके दो बेटे अलग-अलग जगहों पर इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं. वही बेटी ने इस साल जेईई मेंस की परीक्षा पास की है.
दिवेंदु सिंह पर शुरू के वर्षों में हथियार सप्लाई का आरोप था और वह जेल भी जा चुका है. बाद में वह नक्सली संगठन में शामिल हो गया.पुलीस का कहना है कि अधिकांश नक्सली नेता लेवी की कमाई या तो अपने बच्चों की पढ़ाई पर ख़र्च करते हैं या अपने परिवार वालों के नाम से चल-अचल संपत्ति अर्जित करने पर खर्चते हैं. गौरतलब है कि हाल ही में बिहार और झारखंड के कई नक्सली नेताओं की संपत्ति प्रवर्तन निदेशालय ने जब्त भी की है.

