विदेश हिंदी न्यूज़ 

LIVE: भारत-इंडोनेशिया के बीच रक्षा, विज्ञान समेत 15 MOU पर साइन, PM मोदी बोले- 2025 तक 50 अरब डॉलर का होगा द्विपक्षीय व्यापार

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की आजादी के संघर्ष के शहीदों को श्रद्धांजलि देकर अपनी यात्रा की शुरुआत की. उन्होंने यहां कलीबाता नेशनल हीरोज सिमेट्री में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की. इंडोनेशिया की पहली आधिकारी यात्रा पर आए पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जोको विदोदो से मुलाकात की. पीएम मोदी ने इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति के साथ समुद्र, यात्रा और निवेश समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति जोको विदोदो के साथ बातचीत के बाद कहा कि भारत और इंडोनेशिया अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक लेकर जाएंगे.

– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो के साथ जकार्ता में एक पतंग प्रदर्शनी का उद्धाटन किया

– प्रधानमंत्री 5 दिनों के विदेश दौरे पर हैं. फ़िलहाल वो इंडोनेशिया के जकार्ता में हैं. यहां पीएम ने पतंगबाज़ी की.

– भारत-इंडोनेशिया के बीच रक्षा, विज्ञान और तकनीकी सहयोग सहित 15 समझौते पर हस्ताक्षर हुए.

– पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया वर्ष 2025 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लिये प्रयासों को दोगुना करेंगे. भारत-आसिआन साझेदारी ना सिर्फ हिन्द-प्रशांत क्षेत्र बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी शांति की गारंटी बन सकती है.

– गिरजाघरों पर हुए आत्मघाती हमलों पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत इंडोनेशिया में आतंकवादी हमलों की निंदा करता है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दृढ़ता से उसके साथ खड़ा है.

– पीएम मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया की पंचशील फिलॉसफी लोगों के विवेक और दूरदर्शिता का एक जीता जागता सबूत है.

– पीएम मोदी का मरडेका पैलेस में भव्य स्वागत हुआ. स्वागत समारोह के दौरान पीएम मोदी ने बच्चों से भी मुलाकात की

इससे पहले पीएम मोदी ने दक्षिण जकार्ता में कलीबाता हीरोज सिमेट्री इंडोनेशिया में सैनिकों के कब्रगाह गए. इसे वर्ष 1953 में बनाया गया था और नवंबर 1954 में खोला गया था जब पहली बार यहां किसी को दफनाया गया. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने एक ट्वीट कर कहा, ‘‘ऐसा नहीं हो सकता कि हम इंडोनेशिया की आजादी के संघर्ष में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देना भूल जाएं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कलीबाता नेशनल हीरोज सिमेट्री में पुष्पांजलि अर्पित की और आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किया.’ इंडोनेशिया की आजादी की लड़ाई में सेना के शहीद हुए और उस लड़ाई में भाग लेने वाले 7,000 से ज्यादा लोगों को इस कब्रगाह में दफनाया गया है. मोदी पूर्वी एशिया के तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में कल इंडोनिशया की राजधानी जकार्ता पहुंचे. इंडोनेशिया की उनकी यात्रा का मकसद दो समुद्री पड़ोसियों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सामरिक हितों को मजबूती प्रदान करना है.

Related posts

Translate »