इंडोनेशिया में दिखा PM मोदी का क्रेज, साथ सेल्फी लेने की मची होड़
जकार्ता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी एशिया के तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में इंडोनिशया की राजधानी जकार्ता पहुंच गये हैं.राजधानी में उनका भव्य स्वागत किया गया.खासकर भारतीय मूल के लोग पीएम से मिलते और उनके साथ सेल्फी लेते नजर आये.पीएम की इंडोनेशिया यात्रा का मकसद दो समुद्री पड़ोसियों के बीच राजनीतिक,आर्थिक और सामरिक हितों को मजबूती प्रदान करना है. मोदी ने जकार्ता पहुंचने के तुरंत बाद इंडोनेशियाई भाषा और अंग्रेजी में ट्वीट किया,‘‘जर्काता पहुंचा. भारत और इंडोनेशिया मित्रवत समुद्री पड़ोसी हैं जिनके बीच गहरे सभ्यतागत रिश्ते हैं. यह यात्रा हमारे राजनीतिक,आर्थिक और सामरिक हितों को आगे बढा़एगी’.इंडोनेशिया की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे मोदी यहां राष्ट्रपति जोको विदोदो से मुलाकात करेंगे और समुद्र,व्यापार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे. दोनों नेता आज कई कार्यक्रमों में साथ साथ भाग लेंगे जिनमें सीईओ बिजनेस फोरम की बैठक भी शामिल है.
इससे पहले पीएम मोदी ने यात्रा की पूर्व संध्या पर कल कहा था कि,‘‘ प्रधानमंत्री के रूप में यह मेरी पहली इंडोनेशिया यात्रा है. राष्ट्रपति विदोदो के साथ 30 मई को बातचीत का इंतजार है. साथ ही भारत – इंडोनेशिया सीईओ फोरम में हमारा संयुक्त वार्तालाप होगा. मैं इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करूंगा’’.उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच मजबूत और दोस्ताना संबंध हैं और उनके बीच एतिहासिक व प्राचीन जुड़ाव रहा है. उन्होंने कहा कि 31 मई को सिंगापुर जाते समय वह थोड़े समय के लिए मलेशिया में रुकेंगे और मलेशिया के नये नेतृत्व को बधाई देंगे और प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद से मुलाकात करेंगे.

