सिलेक्टर्स और अंपायर्स की फीस बढ़ाएगा BCCI, जानें अब मिलेगी कितनी राशि..
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई ) ने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं, अंपायरों और स्कोरर को खुशखबरी दी है. बीसीसीआई ने तीन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का पारिश्रमिक बढ़ाने के साथ अंपायरों , स्कोरर और वीडियो विश्लेषकों की फीस दोगुनी करने का फैसला किया है. सबा करीम की अध्यक्षता वाली क्रिकेट परिचालन विंग ने यह फैसला किया. सीओए को भी लगता है कि मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद एंड कंपनी को उनकी सेवाओं का फायदा मिलना चाहिए. दिलचस्प बात है कि बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी वेतन बढ़ाने के फैसले से अवगत नहीं थे. अभी चेयरमैन को सालाना 80 लाख रुपये जबकि अन्य चयनकर्ताओं को 60 लाख रुपये मिले रहे हैं. पारिश्रमिक बढ़ाने का फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि बाहर किए गए चयनकर्ता गगन खोड़ा और जतिन परांजपे भी इतना ही वेतन हासिल कर रहे हैं जितना देवांग गांधी और सरनदीप सिंह.
बीसीसीआई के सीनियर अधिकारी ने कहा , ‘चयनकर्ताओं की नियुक्ति आम सालाना बैठक में ही हो सकती है , जतिन और गगन सेवा नहीं देने के बावजूद नियमों के अनुसार इतनी ही सैलरी पा रहे हैं. देवांग और सरनदीप के साथ यह ठीक नहीं होगा क्योंकि वे देश से बाहर भी आते जाते रहते हैं.’ उम्मीद है अब मुख्य चयनकर्ता को करीब एक करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि दो अन्य को 75 से 80 लाख रुपये के करीब हासिल होंगे. बीसीसीआई ने छह साल के अंतराल बाद घरेलू मैच रैफरियों, अंपायरों , स्कोरर और वीडियो विश्लेषकों की फीस भी दोगुनी करने का फैसला किया.

