French Open 2018: सिमोना हालेप और मारिया शारापोवा अगले दौर में, पुरुष वर्ग में सिलिक भी जीते
पेरिस: खिताब के दावेदारों में शामिल मॉरिन सिलिक और डोमीनिक थिएम ने कड़े मुकाबलों में जीत के साथ फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई जबकि महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त सिमोना हालेप और मारिया शारापोवा ने सीधे सेटों में जीत हासिल करते हुए अपने अभियान को आगे बढ़ाया. तीसरी वरीयता प्राप्त सिलिक ने कड़े मुकाबले में पोलैंड के क्वालीफायर और दुनिया के 188 वें नंबर के खिलाड़ी ह्युबर्ट हुर्काज को 6-2, 6-2, 6-7, 7-5 से हराकर आठवीं बार तीसरे दौर में स्थान बनाया. पेरिस में दो बार की उप विजेता हालेप ने अमेरिका की टेलर टाउनसेंड को एकतरफा मुकाबले में 6-3, 6-1 से हराया. वह अंतिम 16 में जगह बनाने के लिए अगले दौर में जर्मनी की आंद्रिया पेतकोविच से भिड़ेंगी.
पिछले साल पेरिस में क्वार्टर फाइनल में पहुंचे पूर्व अमेरिकी ओपन चैंपियन सिलिक अंतिम 16 में जगह बनाने के लिए अब अमेरिका के स्टीव जानसन से भिड़ेंगे. नवविवाहित सिलिक हालांकि मैच के दौरान लय में नहीं दिखे और उन्होंने 48 विनर तो लगाए लेकिन 53 सहज गलतियां भी कीं. इस साल क्ले कोर्ट पर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल को हराने वाले एकमात्र खिलाड़ी थिएम को भी यूनान के युवा स्टेफानोस सितसिपास के खिलाफ 6-2, 2-6, 6-4, 6-4 की जीत के दौरान काफी पसीना बहाना पड़ा. कल रात इस मैच को तीसरे दौर के बाद आज के लिए स्थगित कर दिया गया था. थिएम अगले दौर में इटली के मातियो बेरेटीनी से भिड़ेंगे. कनाडा के उभरते हुए स्टार डेनिस शापोवालोव हालांकि जर्मनी के मैक्सिमिलन मार्टर्र के हाथों 5-7, 7-6, 7-5, 6-4 की शिकस्त के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए. दुनिया के 70 वें नंबर के खिलाड़ी 22 साल के मार्टर्र ने लगातार दूसरे ग्रैंडस्लैम के तीसरे दौर में जगह बनाई है.

