इस भारतीय रेस्तरां का दुर्लभ मेन्यू कार्ड 11,000 डॉलर में हुआ नीलाम, जानिए कहां है ये…
लंदन: ब्रिटेन में दो सौ वर्ष से भी कुछ अधिक समय पूर्व स्थापित पहले भारतीय रेस्तरां का एक दुर्लभ मेन्यू कार्ड के लिए नीलामी में 11,344 डॉलर की बोली लगायी गयी. रेस्त्रां में परोसे जाने वाले पकवानों में पाइनेपल पुलाव (अनानास का पुलाव) और चिकन करी जैसे व्यंजनों के नाम हैं जो इसकी खासियत थे. इस रेस्तरां का नाम हिंदुस्तानी डिनर एंड हुक्का स्मोकिंग क्लब है और इसकी स्थापना शेख दीन मोहम्मद ने1809 में लंदन के पोर्टमैन स्क्येर पर की थी.
मूल रूप से बिहार के मोहम्मद एक आंग्ल – भारतीय पर्यटक और कारोबारी थे. वह उन शुरुआती प्रवासियों में से थे जो भारत से इंग्लैंड गए. ब्रिटेन के लोगों को भारतीय पकवानों के स्वाद से परिचित कराने के लिए उन्होंने यह रेस्तरां को खोला था. हालांकि दीन मोहम्मद का यह रेस्तरां ज्यादा दिन नहीं चला. 1812 में उनका दिवाला निकल गया. उसके नए प्रबधंकों ने बाद में उसे हिंदुस्तानी कॉफी हाउस नाम से 20 साल और चलाया लेकिन आखिरकार 1833 में वह भी बंद हो गया.

