इब्सा मंत्रियों ने विकासशील देशों के बीच परस्पर सहयोग के लिए योगदान का संकल्प लिया

5 जून

ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका (इब्सा) के विदेश मंत्रियों ने विचारों का आदान – प्रदान किया तथा विकास और विकासशील देशों के बीच परस्पर सहयोग की व्यापक समझ की दिशा में योगदान देने का संकल्प लिया।

इब्सा भारत , ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका का ब्लॉक है जो बड़े वैश्विक मुद्दों पर तीनों देशों के बीच सहयोग को गहरा करने के लिए काम कर रहा है।

इस संबंध में आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज , दक्षिण अफ्रीका के अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं सहयोग मंत्री लिंदिवे सिसुलू तथा ब्राजील के उप विदेश मंत्री मार्कोस गालवाओ ने कल यहां इब्सा विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक के लिए मुलाकात की।

विज्ञप्ति में कहा गया , ‘‘ उन्होंने विकास संबंधी सहयोग और विकासशील देशों के बीच सहयोग पर विचारों का आदान – प्रदान किया। ’’

मंत्रियों ने विकासशील देशों के समान उद्यम के रूप में विकास सहयोग की व्यापक समझ के प्रति योगदान देने के लिए आपसी सहयोग पर इब्सा घोषणा स्वीकार की।

इब्सा घोषणा में कहा गया कि पिछले तीन साल से अधिक समय में इब्सा एक ऐसे समूह के रूप में उभरा है जो विकासशील देशों के कल्याण और विकासात्मक चिंताओं का समर्थन कर रहा है।

घोषणा में कहा गया , ‘‘ इब्सा आह्वान करता है कि विकसित देश अपनी आधिकारिक विकास सहायता प्रतिबद्धताओं का पूर्ण रूप से सम्मान करें , मौजूदा संसाधनों को बढ़ाएं और सतत विकास लक्ष्यों के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराने के वास्ते अतिरिक्त संसाधनों की प्रतिबद्धता करें। ’’

यह उल्लेख करते हुए कि राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान विकासशील देशों के बीच सहयोग का प्रमुख अंश है , घोषणा में कहा गया , ‘‘ इब्सा का मानना है कि विकास की दिशा में प्राथमिक जिम्मेदारी उनके नेतृत्व और स्वामित्व के तहत खुद राष्ट्रों की है। ’’

घोषणा में कहा गया , ‘‘ विकासशील देशों के बीच सहयोग का उद्देश्य साझेदारों के बीच उच्च स्तर की क्षमता तथा आर्थिक अवसर उत्पन्न करने का है। विकासशील देशों के बीच सहयोग संचालन के लिए साझेदार देशों के बीच एकजुटता की भावना से क्षमता निर्माण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण जारी है। विकास एजेंडे में तेजी लाने में विकासशील देशों के बीच सहयोग एक पूरक के रूप में काम करता है , न कि विकसित और विकासशील देशों के बीच सहयोग के विकल्प के रूप में। ’’

मंत्रियों ने समूह की 15 वीं वर्षगांठ मनाने के वास्ते 2018-19 के लिए प्रस्तावित इब्सा आयोजनों पर भी चर्चा की। वे इन सभी तीनों देशों में कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमत हुए।

मंत्री बहुपक्षीय मंचों पर इब्सा सहयोग और वैश्विक शासन संस्थानों में सुधारों के लिए कदमों को मजबूत करने पर भी सहमत हुए।

वे ब्यूनस आयर्स कार्य योजना (बीएपीए) +40 इवेंट्स के मद्देनजर अपने बहुपक्षीय मिशनों के जरिए विकासशील देशों के बीच सहयोग जारी रखने पर भी सहमत हुए।

मंत्रियों ने 73 वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर 28 सितंबर 2018 को न्यूयॉर्क में नौवें इब्सा त्रिपक्षीय आयोग की बैठक की मेजबानी के प्रस्ताव के लिए ब्राजील का धन्यवाद भी व्यक्त किया।

Related posts

Translate »