खेल हिंदी न्यूज़ 

राठौड़, तेंदुलकर समेत दिग्गजों ने छेत्री की तारीफों के पुल बांधे

5 जून

खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत खेल जगत की कई हस्तियों ने देश के लिये 100 मैच खेलने वाले फुटबाल कप्तान सुनील छेत्री की तारीफ की है ।

पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया के बाद छेत्री अकेले भारतीय फुटबालर है जिन्होंने 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं । उन्होंने कल रात कीनिया के खिलाफ इंटर कांटिनेंटल कप में यह मुकाम हासिल किया ।

अगस्त में 34 बरस के होने जा रहे छेत्री ने कीनिया के खिलाफ मैच में दो गोल किये जिसमें भारत ने 3 . 0 से जीत दर्ज की ।

राठौड़ ने ट्वीट किया ,‘‘ हमारी फुटबाल टीम की शानदार और अच्छी जीत। टीम को कीनिया पर मिली जीत के लिये बधाई । सुनील छेत्री ने मोर्चे से अगुवाई करके अपने सौवें मैच में दो गोल किये । ’’

तेंदुलकर ने लिखा ,‘‘ खास जीत । शाबाश टीम इंडिया । सुनील छेत्री की शानदार उपलब्धि । सौवां मैच और दो गोल । ’’

पूर्व कप्तान भूटिया ने लिखा ,‘‘ सुनील छेत्री को भारत के लिये 100 वां मैच खेलने पर बधाई । इस मुकाम तक तुम्हे पहुंचते देखकर बहुत खुशी हुई । एक जीनियस खिलाड़ी की महान उपलब्धि । ’’

मुख्य कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने कहा ,‘‘ वह भारतीय फुटबाल का महान सेवक है । ’’

पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण और वीरेंद्र सहवाग ने भी छेत्री को बधाई दी ।

लक्ष्मण ने लिखा ,‘‘ भारत को जीत की बधाई । कप्तान सुनील छेत्री को सौवें मैच में दो गोल करने पर बधाई । शानदार प्रदर्शन । ’’

सहवाग ने ट्वीट किया ,‘‘ शानदार जीत । बधाई सुनील छेत्री , अपने सौवें अंतरराष्ट्रीय मैच को दो गोल से यादगार बनाने और खचाखच भरे स्टेडियम में दो गोल करने के लिये । भारतीय फुटबाल के लिये अच्छी खबर । ’’

Related posts

Translate »