आनंद का सामना सातवें दौर में वाचियेर लाग्रेव से
5 जून
पांच बार के विश्व चैम्पियन विश्वनाथन आनंद का सामना अल्टीबाक्स नार्वे शतरंज टूर्नामेंट के सातवें दौर में जब फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव से होगा तो उनकी नजरें पहली जीत दर्ज करने पर होंगी ।
अभी टूर्नामेंट के तीन दौर बाकी हैं और आनंद के सारी बाजियां ड्रा रहने के बाद 2 . 5 अंक है ।
आनंद को अभी भी अमेरिका के फेबियानो कारूआना और यूक्रेन के सर्जेइ कर्जाकिन से खेलना है जो शानदार फार्म में है ।
विश्व चैम्पियन और स्थानीय सितारे मैग्नस कार्लसन को पिछले दौर में अमेरिका के वेसले सो ने हराया जिसके बाद खिताब की दौड़ के लिये मुकाबला खुला हो गया है ।
कार्लसन के 3 . 5 अंक है जिन्होंने दो मुकाबले जीते , एक हारा और एक ड्रा खेला । वेसले ने एक मुकाबला जीता और बाकी ड्रा खेले । शतरंज की भाषा में वेसले और कार्लसन का स्कोर ‘ प्लस वन ’ कहा जायेगा जबकि आनंद का ‘ बराबर ’ होगा ।
आनंद को अगले दौर में कारूआना से सफेद मोहरों से खेलना है । कार्लसन को सातवें दौर में बाय मिलेगा जिससे उन्हें अगले दौर के लिये काफी समय मिल जायेगा ।

