अर्थ हिंदी न्यूज़ 

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले सेंसेक्स 109 अंक गिरा

 

5 जून

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति की समीक्षा बैठक जारी रहने के बीच शेयर बाजार में गतिविधियां कमजोर पड़ने से आज संवेदी सूचकांक 109 अंक गिरकर 35,000 अंक से नीचे आ गया। मौद्रिक नीति समीक्षा की घोषणा कल होगी।

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक कल शुरू हुई। यह तीन दिन चलेगी। इस बीच इस तरह की अटकलें हैं कि जनवरी 2014 के बाद पहली बार रिजर्वबैंक मुख्य नीतिगत दर में वृद्धि कर सकता है। मुद्रास्फीति में मजबूती के रुख को देखते हुये इस तरह की आशंका व्यक्त की जा रही हैं।

शेयर कारोबार में गतिविधियां कमजोर रही। ज्यादातर समय बाजार नकारात्मक दायरे में ही रहा। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय गिरकर 34,784.68 अंक तक नीचे चला गया था। आखिर में कारोबार की समाप्ति पर यह 108.68 अंक यानी 0.31 प्रतिशत गिरकर 34,903.21 अंक पर बंद हुआ।

संवेदी सूचकांक पिछले दो सत्रों में 310.49 अंक गिर चुका है।

व्यापक आधार वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 35.35 अंक यानी 0.33 प्रतिशत घटकर 10,593.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 10,633.15 अंक और नीचे में 10,550.90 अंक के दायरे में ऊपर – नीचे हुआ।

कारोबार के दौरान ब्याज दर से प्रभावित होने वाले शेयरों जैसे रीयल्टी , बैंकिंग और आटो शेयरों पर दबाव रहा।

पीएमआई के आज जारी आंकड़ों से भी बाजार में कारोबारी धारणा प्रभावित हुई। पीएमआई आंकड़ों के मुताबिक मई में सेवा क्षेत्र की गतिविधियां पिछले तीन माह में पहली बार मई में गिरी हैं। ऊंचे ईंधन के दाम , लागत का दबाव बढ़ने और नये आर्डर पुराने स्तर पर ही बने रहने से शेयर कारोबार कमजोर रहा।

Related posts

Translate »