खेल हिंदी न्यूज़ 

एएफआई प्रमुख ने कहा, यौन शोषण के आरोपी कोचों को ‘कड़ी सजा’ दी जाये

नयी दिल्ली, छह जून , भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के अध्यक्ष आदिले सुमारिवाला ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के क्षेत्रीय केंद्रों में कथित रूप से जूनियर खिलाड़ियों का यौन शोषण करने वाले कोचों के खिलाफ आज कड़ी सजा की मांग की।

 

साइ ने करीब 15 जूनियर खिलाड़ियों की कथित रूप से यौन शोषण की शिकायत के बाद तमिलनाडु के अपने एक केंद्र के कोच को बर्खास्त कर दिया।

 

बेंगलुरू और गुजरात के केंद्रों से भी इसी तरह की शिकायतें मिली थीं। बेंगलुरू में साइ केंद्र की एक अन्य घटना पर कार्रवाई करते हुए एक अकाउंटेंट को महिला कोच को भद्दे एसएमएस भेजने के आरोप में अनिवार्य सेवानिवृत्ति लेने को कहा गया है।

 

गुजरात में यौन शोषण संबंधित मामले में साइ ने कोच के खिलाफ अंतरिम जांच शुरू की है।

 

सुमारिवाला ने यहां आईएएएफ रन 24:1 के मौके पर कहा, ‘‘इससे ज्यादा घिनौना कुछ नहीं हो सकता। पूरी दुनिया में यह हो रहा है, अमेरिका में लोगों को जेल में डाला गया है और यहां भी ऐसा ही होना चाहिए। ’’

 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि महानिदेशक ने बहुत कड़ा कदम उठाया है और मुझे लगता है कि हमें इसकी तह तक जाना चाहिए और अगर यह यौन शोषण का मामला होता है तो इसमें कड़ी सजा की जरूरत है। ’’

 

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत कोच को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए क्योंकि कोच पिता, मेंटर और गुरू होता है इसलिये कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। ’’

 

भारत के सभी साइ केंद्रों में 10 हजार से अधिक खिलाड़ी ट्रेनिंग करते हैं।

 

Related posts

Translate »