एंटरटेनमेंट हिंदी न्यूज़ 

रजनीकांत की Kaala के प्रदर्शन का रास्ता साफ, कल रिलीज होगी फिल्म

चेन्नई: उच्चतम न्यायालय ने रजनीकांत अभिनीत फिल्म कालाके प्रदर्शन का मार्ग प्रशस्त करते हुए इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए दायर याचिका पर सुनवाई करने से आज इनकार कर दिया. इस फिल्म का कल से प्रदर्शन होना है. न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल और न्यायमूर्ति अशोक भूषण की अवकाशकालीन पीठ ने फिल्म निर्माता के. एस. राजशेखरन की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया. राजशेखरन का दावा था कि फिल्म की कहानी, गीत और दृश्य उनका काम था. वण्डरबार फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के तहत रजनीकांत के दामाद धानुष द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन पा रंजीत ने किया है. इस फिल्म का प्रदर्शन पहले स्थगित कर दिया गया था लेकिन अब यह कल प्रदर्शन के लिए तैयार है. इस मामले में संक्षिप्त सुनवाई के दौरान राजशेखरन के वकील ने आरोप लगाया कि याचिकाकर्ता के पास इस फिल्म के कापीराइट थे और फिल्म निर्माता ने फिल्म बनाने से पहले इसकी अनुमति नहीं ली.

पीठ ने वकील से कहा, ‘‘आप फिल्म के प्रदर्शन पर रोक चाहते हैं. सभी इसके प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं.’’ वकील का कहना था कि इससे पहले दो बार फिल्म का प्रदर्शन टाला जा चुका है. इस वकील ने उच्च न्यायालय के 16 मई के आदेश का हवाला दिया और कहा कि इस फिल्म के प्रदर्शन के खिलाफ उसकी याचिका 16 जून को वहां सूचीबद्ध की गई है. पीठ ने याचिका पर विचार करने से इनकार करते हुए कहा, ‘‘इसे प्रदर्शित होने दिया जाए. हम इसका प्रदर्शन कैसे रोक सकते हैं.’’    

याचिकाकर्ता का कहना था कि कालाफिल्म में निर्माता और निर्देशक ने उनकी पूर्व अनुमति के बगैर ही कापीराइट संरक्षित उनकी कहानी से संबंधित कार्य, दृश्यों और गानों का इस्तेमाल किया है.

 

 

Related posts

Translate »