चीनी ताइपै को हराकर फाइनल में जगह बनाने उतरेगा कीनिया
मुंबई , सात जून ( भाषा) भारत से मिली 3 . 0 से हार को भुलाकर कीनिया कल चीनी ताइपै को आखिरी लीग मैच में हराकर इंटर कांटिनेंटल कप फुटबाल के फाइनल में जगह बनाना चाहेगा ।
दोनों टीमें चार देशों के टूर्नामेंट के आखिरी लीग मैच में कल खेलेंगी । भारत पहले ही फाइनल में जगह बना चुका है । दूसरे स्थान के लिये न्यूजीलैंड और कीनिया दोनों दौड़ में हैं । कीनियाई टीम चीनी ताइपै पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करके फाइनल में पहुंचना चाहेगी ।
वहीं न्यूजीलैंड अगर आज भारत से हार जाता है तो कीनिया को सिर्फ जीत की जरूरत होगी, जीत का अंतर मायने नहीं रखेगा ।
युवा खिलाड़ियों के साथ उतरी कीनिया को हराना आसान नहीं होगा क्योंकि शारीरिक रूप से मजबूत उसके खिलाड़ी आक्रामक खेल दिखाते हैं ।
कीनिया के लिये फायदे की बात यह है कि उसने दोनों मैच बारिश में खेले हैं और उसे पता है कि मुंबई फुटबाल एरेना में हालात कैसे होंगे । दूसरी ओर चीनी ताइपै के पास खोने के लिये कुछ नहीं है तो वह बिना किसी दबाव के प्रतिष्ठा बचाने के लिये खेलेगा ।

