IND vs AFG: टेस्ट से पहले अफगानिस्तान कप्तान असगर स्टैनिकजई का भारतीय स्पिनरों को चैलेंज
नई दिल्ली:
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम 14 जून से अपना पहला और ऐतिहासिक टेस्ट मैच भले ही खेलने जा रही हो, लेकिन उसके खिलाड़ियों ने पिछले दिनों आईपीएल और हाल ही में देहरादून में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में दुनिया को दिखा दिया कि उनके आत्मविश्वास और खेल कौशल में कोई कमी नहीं है. और अब उसके कप्तान असगर स्टैनिकजई ने भी अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय स्पिनरों को भी चैलेंज दे डाला है.
आपको बता दें कि अफगानी टीम में कुल मिलाकर पांच स्पिनरों को टीम में जगह दी गई है. सनसनी राशिद खान, युवा टैलेंट मुजीब-उर-रहमान, मोहम्मद नबी के अलावा बंयहत्था कलाई के जहीर और आमिर हमजा पहला टेस्ट खेलने जा रही अफगानिस्तान टीम का हिस्सा हैं. और यह देखने की बात होगी कि मेहमान टीम एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कितने स्पिनरों के साथ मैदान पर उतरती है. जहां अफगान टीम के तीन स्पिनरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छी पहचान मिल चुकी है, तो वहीं जहीर का अंतरमहाद्वीप टूर्नामेंट में रिकॉर्ड अच्छा रहा है. अगर वह चोटिल नहीं होते, तो उनका आईपीएल नीलामी में बिकना तय था.
बहरहाल अफगानी कप्तान ने इस इकलौते टेस्ट से पहले कहा कि हमारे लिए अच्छी बात यह कि अफगानिस्तान में एक से बढ़कर एक युवा स्पिनर सामने आ रहा है. वजह यह है कि ये खिलाड़ी टीम में खेल रहे स्पिनरों को आदर्श मानकर देश के लिए खेलने का सपना पाले हैं. इसलिए हमारा स्पिन डिपार्टमेंट मजबूत है. लेकिन स्टैनिकजई यहीं ही नहीं रुकते.
उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से टेस्ट रैंकिंग में नंबर चार और पांच पर काबिज रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को चैलेंज दे दिया है. और अब करोड़ों भारतीय क्रिकेटप्रेमियों की नजरें इस पर लगी हैं कि भारतीय स्पिनर अफगानी कप्तान असगर को कैसे जवाब देते हैं. उन्होंने कहा कि केवल भारत ही नहीं अगर आप समूचे विश्व में निगाह डालेगे, तो पाएंगे कि राशिद खान दुनिया के नंबर-1 स्पिनर हैं. आप किसी भी गेंदबाज से उनका मुकाबला कर सकते हैं. आखिर में आप यही कहेंग कि हां राशिद किसी से भी बेहतर हैं.

