कांग्रेस मुक्त भारत से मतलब कांग्रेस की संस्कृति से मुक्ति है : शाह
रायपुर, 11 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस मुक्त भारत का आशय कांग्रेस की संस्कृति से मुक्ति का है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के बगैर लोकतंत्र संभव नहीं है।शाह ने आज सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जब मैं कांग्रेस मुक्त भारत की बात करता हूं तो इसका मतलब कांग्रेस की संस्कृति से मुक्ति का है। विपक्ष के बगैर लोकतंत्र संभव ही नहीं है। यह अलग बात है कि कांग्रेस देश में सिमटती जा रही है। कांग्रेस को जीवित रखने की जवाबदारी राहुल गांधीजी की है मेरी नहीं।’’ राहुल गांधी पर लगातार हमले को लेकर उन्होंने कहा कि इसे व्यक्तिगत हमला नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कुछ सवाल रखे थे जिसका जवाब दिया गया है। हमारी पार्टी ने अच्छा काम किया है इसलिए पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है। जब तक हम अच्छा काम करते रहेंगे जनता हमें समर्थन देती रहेगी। केंद्र की राजग सरकार के चार वर्ष के शासन के दौरान सीमा की सुरक्षा को लेकर शाह ने कहा कि इन चार वर्षों में सबसे ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। कश्मीर नीति पर उन्होंने कहा कि कश्मीर नीति ठीक है। भारत सरकार उस पर पैनी नजर नजर बनाए हुए हैं। इस विषय पर सबसे चर्चा कर समय समय पर फैसले किए जा रहे हैं। पेट्रोल के बढते दाम पर पूछे गए सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पेट्रोल के दाम पर केंद्र सरकार लगातार विचार कर रही है। पिछले कुछ दिनों में दाम कम भी हुए हैं। सरकार की चिंता है और इस पर नजर बनाए हुए हैं।शाह ने अंबिकापुर में विकास यात्रा और रोड शो के बारे में कहा कि अंबिकापुर में विकास यात्रा में शामिल होने का अवसर मिला। यहां की जनता ने जो प्रेम दिया वह अद्भुत अनुभव रहा है। जिस तरह से लोगों ने स्वागत किया उससे यह लगता है कि आने वाले चुनाव में यहां फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पहले मध्यप्रदेश का हिस्सा था। 80 के दशक में मध्यप्रदेश बीमारू राज्यों की सूची में शामिल था। यह कांग्रेस के लंबे समय के शासन का कुपरिणाम था कि राज्य को बीमारू राज्य का तमगा मिला था। बाद में जब छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ और यहां भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में जीत हासिल कर सरकार बनाई तब से यहां विकास किया गया और अब यह राज्य विकसित राज्यों की सूची में स्थान हासिल कर चुका है।
