पहली बार बेटे धरम देओल के साथ नजर आए बॉबी देओल, वीडियो हुआ वायरल
नई दिल्ली: ‘रेस 3’ से बॉबी देओल अपने फिल्मी करियर को फिर से पटरी पर लाने की जुगत में लगे हैं. सलमान खान के साथ वे ‘रेस 3′ में नजर आए हैं और लंबे समय बाद उन्होंने परिवार से बाहर किसी फिल्म को अंजाम दिया है. यही नहीं, ‘रेस 3′ के बाद उनका करियर पटरी पर आता लग भी रहा है क्योंकि ‘हाउसफुल 4′ में भी उन्हें कास्ट कर लिया गया है और वे देओल फैमिली की हिट सीरीज ‘यमला पगला दीवाना फिर से‘ में भी धमाल करते दिख रहे हैं. खास यह कि बॉबी देओल ‘रेस 3′ में सलमान खान के साथ शर्टलेस नजर आ रहे हैं, और इसे काफी पसंद भी किया गया है. बॉबी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे अपनी पत्नी और बेटे के साथ नजर आ रहे हैं. बॉबी देओल बेटे धरम देओल और पत्नी तान्या देओल के साथ खूब खुश नजर आ रहे हैं. ऐसे बहुत कम मौके आते हैं जब देओल परिवार के सदस्यों को पत्नी और बेटों के साथ देखा जाता है. लेकिन बॉबी बेटे और पत्नी के साथ बहुत ही शानदार अंदाज में दिखे और उनका खुश होना बनता भी है क्योंकि लंबे समय बाद वे स्क्रीन पर धांसू वापसी कर रहे हैं.
बॉबी की ओर से एक अच्छी खबर यह भी आई है कि वे सात साल बाद आईफा (IIFA 2018) में परफॉर्म करेंगे. बॉबी देओल ने ‘बरसात‘ फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा था और इसके बाद उन्होंने ‘सोल्जर‘ और ‘गुप्त‘ जैसी सुपरहिट फिल्में दीं. लेकिन पिछले कुछ समय से वे गुमनामी की जीवन जी रहे थे, और उनका बॉलीवुड करियर बिल्कुल भी ठीक नहीं चल रहा था. लेकिन अपनी इस वापसी को लेकर वे बहुत खुश हैं और हम भी उम्मीद करते हैं कि उनकी दूसरी पारी धमाकेदार रहे.

