Uncategorized 

ओडिशा में रेप के बाद लड़की की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा में मयूरभंज जिले के एक गांव में एक युवक ने एक लड़की के साथ कथित रूप से बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने बेतनोटी थाना क्षेत्र में पीड़िता के गांव के पास एक जंगल से आदिवासी लड़की का शव आज सुबह बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम लड़की घर वापस नहीं लौटी तो उसके परिवार के सदस्यों ने गांव के आसपास उसकी तलाश शुरू की. इसके बाद यह पता चला कि कुछ लोगों ने गांव के एक युवक को लड़की को मोटरसाइकिल पर निकटवर्ती गांव में आयोजित एक उत्सव में ले जाते देखा था. पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने आरोपी को एक पेड़ से बांधा और उसकी पिटाई की. इसके बाद युवक ने कबूल किया कि उसने बलात्कार के बाद लड़की की हत्या कर दी है. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और हत्या मामले को लेकर चिंता जताई और पीड़िता के परिवार के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की. पटनायक ने पीड़िता के परिवार को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की. उन्होंने अधिकारियों को मामले की त्वरित मुकदमा चलाने के भी निर्देश दिए.

Related posts

Leave a Comment

Translate »