स्टोक्स और वोक्स चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला से बाहर
लंदन , 18 जून : इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय श्रृंखला के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गये हैं।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने आज यहां बताया कि स्टोक्स की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है और उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ अगले महीने होने वाली टी 20 श्रृंखला के लिए फिट हो जाएंगे।
स्टोक्स पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले चोटिल हो गये थे।
ईसीबी के बयान के मुताबिक , ‘‘ वह अब ठीक से बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी क्षमता के 90 प्रतिशत दौड़ लगा पा रहे हैं। वह अगले सप्ताह से गेंदबाजी करना शुरू करेंगे। ’’
इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे है जबकि अभी तीन मैच खेले जाने बाकी हैं।
वोक्स पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में चोटिल हो गये थे। ईसीबी ने कहा कि उनके दांये घुटने में परेशानी है।
उन्होंने बताया , ‘‘ उन्हें पिछले सोमवार को इंजेक्शन दिया गया है। उनकी वापसी के बारे में अभी बताया नहीं जा सकता है लेकिन वह भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला तक चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। ’’
इंग्लैंड भारत के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेलेगा जिसका पहला मैच नॉटिंघम में 12 जुलाई को खेला जाएगा।
एएफपी आनन्द पंत पंत 1806 1712 लंदन

