पटनायक ने मोदी से हाकी को भारत का राष्ट्रीय खेल घोषित करने का आग्रह किया
नयी दिल्ली , 20 जून : ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाकी को भारत का आधिकारिक खेल के रूप में मान्यता देने का आग्रह किया।
हाकी को पहले ही अनिधिकृत रूप से भारत के राष्ट्रीय खेल का दर्जा मिला है और ओड़िशा नवंबर में हाकी विश्व कप की मेजबानी करेगा।
पटनायक ने हाकी को आधिकारिक दर्जा देने के लिये मोदी से आग्रह किया। उन्होंने अपने पत्र में लिखा , ‘‘ जैसा कि आप जानते हो अगला विश्व कप इस साल नवंबर में ओड़िशा में खेला जायेगा। तैयारियों की समीक्षा लेने के बाद मैं इस बात से हैरान रह गया कि जो खेल – हाकी – राष्ट्रीय खेल के रूप में लोकप्रिय है वो हमारे राष्ट्रीय खेल के रूप में अधिकृत ही नहीं है। ’’
पटनायक ने कहा , ‘‘ इसलिये मुझे पूरा भरोसा है कि आप हमारे देश के करोड़ों प्रशंसकों से सहमत होगे कि हाकी हमारे राष्ट्रीय खेल के रूप में आधिकारिक रूप से मान्यता का हकदार है। यह हमारे हाकी के उन महान खिलाड़ियों के लिये श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने हमारे देश को गौरवान्वित किया। ’’
हाकी ने देश केा आठ ओलंपिक स्वर्ण पदक दिये हैं।

