Race 3 ने 5 दिन में कमाए 130 करोड़, बॉबी देओल बोले- मुस्कुराना भी बंद नहीं कर सकता…
सुपरस्टार सलमान खान की ईद के मौके पर रिलीज हुई फिल्म ‘रेस-3’ बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. फिल्म ने शुरुआती 5 दिनों में 130 करोड़ की कमाई कर डाली है. एक्शन से भरपूर इस फिल्म से 2 साल बाद फिल्म में अलग अवतार में नजर आए अभिनेता बॉबी देओल ने फिल्म को मिली प्रतिक्रिया और इसके प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर कहा, “मैं मुस्कुराना भी बंद नहीं कर सकता. दर्शकों ने इसे बहुत सराहा है, मैं बहुत खुश हूं. सभी खुश हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है.” अभिनेता ने कहा कि उन्हें खुशी है कि दर्शकों ने उनके काम को पसंद किया है, अगर फिल्म खराब है तो आलोचना प्रभावित करती है. ‘रेस-3’ की सक्सेस एन्जॉय कर रहे बॉबी देओल जल्द ही बैंकाक में होने वाले आईफा अवॉर्ड्स में स्टेज परफॉर्मेंस देते नजर आएंगे. यहां बॉबी अपने हिट गानों पर परफार्म करेंगे. बॉबी ने इस बारे में आईएएनएस से कहा, “मैं इसका हिस्सा बनने को लेकर रोमांचित हूं. मेरे लिए आईफा में सात साल बाद परफॉर्म करना कुछ ऐसा है, जिसका मैं इंतजार कर रहा था. मेरी पहले की फिल्मों के गानों और ‘रेस-3’ के गानों पर मैं परफार्म करूंगा.” बता दें, ‘रेस-3’ के बॉबी ‘यमला पगला दीवाना’ सीरीज की तीसरी फिल्म ‘यमला पगला दीवाना फिर से’ में नजर आएगे. फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है, इसमें धर्मेंद्र, बॉबी देओल और सनी देओल के अलावा सलमान खान भी होंगे.

