खेल हिंदी न्यूज़ 

आस्ट्रेलिया पर जीत दर्ज करने उतरेगा आत्मविश्वास से भरा भारत

लगातार दो जीत से शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय टीम कल यहां जब विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो उसकी निगाहें एफआईएच विश्व चैंपियन्स ट्राफी हाकी टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखने पर टिकी होंगी। भारतीय टीम पहली बार चैंपियन्स ट्राफी जीतने की कवायद में लगी है। उसने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-0 से हराकर बेहतरीन शुरुआत की और फिर मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और विश्व में नंबर दो अर्जेंटीना को 2-1 से हराया। भारत अब छह देशों के टूर्नामेंट में दो जीत से छह अंक लेकर शीर्ष पर है। आस्ट्रेलिया चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। राउंड रोबिन में चोटी पर रहने वाली दो टीमें रविवार को फाइनल में एक दूसरे का सामना करेंगी।राष्ट्रमंडल खेलों के लचर प्रदर्शन को भुलाकर भारतीय टीम नये मुख्य कोच हरेंद्र सिंह की देखरेख में नये जोश और जज्बे के साथ खेल रही है। हरेंद्र के आने के बाद भारतीय टीम पूरी तरह से बदली हुई सी दिख रही है।हरेंद्र ने युवा और अनुभव के मिश्रण से टीम तैयार की है। वह खिलाड़ियों में आत्मविश्वास भरने में सफल रहे हैं और पहले दो मैचों में टीम के प्रदर्शन में साफ तौर पर इसकी झलक देखने को मिली। भारतीय स्ट्राइकर जहां अच्छी फार्म में दिख रहे हैं वहीं रक्षापंक्ति ने भी पाकिस्तान और अर्जेंटीना के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट से पहले टीम के लिये यह चिंता का विषय था। युवा दिलप्रीत सिंह , मनदीप सिंह , एस वी सुनील और ललित उपाध्याय ने अग्रिम पंक्ति में अच्छा खेल दिखाया है लेकिन रमनदीप सिंह पाकिस्तान के खिलाफ दायें घुटने में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे।

Related posts

Leave a Comment

Translate »