डोनाल्ड ट्रंप ने अटकलों को किया खारिज, कहा- विग नहीं मेरे पास खूबसूरत बाल हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बालों की जगह विग लगी होने की अटकलों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि विग नहीं बल्कि ये उनके खूबसूरत बाल हैं. 72 वर्षीय ट्रंप ने दक्षिण कैरोलिना में गवर्नर हेनरी मैकमास्टर के लिए प्रचार करते हुए कहा, ‘ये सबसे अच्छी चीज है जो मुझे मिली है. सभी कहते थे कि ये नकली हैं और ये मेरे बाल नहीं हैं, मैं विग लगाए हुए हूं’. गौरतलब है कि राष्ट्रपति के चिकित्सक की ओर से जारी रिकार्ड इस ओर इशारा करते हैं कि ट्रंप को बाल गिरने से बचाने के लिए दवा लेने की सलाह दी गयी थी. गौरतलब है कि पिछले साल ही डोनाल्ड ट्रंप की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. इस तस्वीर में डोनाल्ड ट्रंप बाथरोब (नहाने के पहले या बाद में पहने जाने वाले कपड़े) में बिस्तर पर लेटकर टेलीविजन देख रहे हैं. बाद में ट्विटर पर कुछ यूजर ट्रंप का बचाव कर रहे थे तो कई उनकी बुराई करते नजर आए.

