राष्ट्रीय हिंदी न्यूज़ 

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ने गरीबों, दलितों को संकट से जूझने और जीतने की हिम्मत दी :मोदी

पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर परोक्ष निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि साल 2014 में जब वह सरकार में आए तब देश का सामान्य जन सामाजिक सुरक्षा से वंचित था और पिछले चार वर्षों में उनकी सरकार ने अनेक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया जिससे दलित, शोषित, पीड़ित, आदिवासी, महिलाओं एवं कमजोर वर्ग के लोगों को संकट से जूझने और जीतने की हिम्मत मिली है ।
सरकार की सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जीवन में एक बात निश्चित है और वह जीवन की अनिश्चितता है। कोई नहीं जानता कि कल क्या होने वाला है। संकट अमीर और गरीब का भेद नहीं करता है और कभी भी आ सकता है। ऐसे में सभी को भविष्य की चिंता करनी चाहिए और बीमा के प्रति जागरूक होना चाहिए ।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी सरकार गरीबों के प्रति संवेदनशील, गरीबों के कल्याण को समर्पित और कमजोर वर्गो को सशक्त बनाने को प्रतिबद्ध है।’’ मोदी ने कहा कि इसी को ध्यान में रखकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा योजना, वयवंदन योजना जैसी सुरक्षा योजनाएं शुरू की गई थीं।कांग्रेस नीत पूर्ववर्ती संप्रग सरकार पर परोक्ष निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हम सरकार में आए तब लोगों के लिए आर्थिक सुरक्षा सहायता को दूर की बात थी, गरीबों का अपना बैंक खाता भी नहीं था। देश का सामान्य जन सामाजिक सुरक्षा से वंचित था ।उन्होंने कहा कि सरकार में आने के बाद उन्होंने तीन स्तर पर गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने की पहल की। लघु एवं छोटे व्यापारियों को वित्तीय सहायता सुविधा प्रदान करने और वित्तीय रूप से उपेक्षित लोगों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने की पहल की गई।मोदी ने कहा कि विश्व बैंक ने भी जन धन योजना की सराहना की है।.

Related posts

Leave a Comment

Translate »