मेस्सी और रोजो के गोल से अर्जेंटीना अंतिम-16 में
डियगो माराडोना भी खुशी से झूम उठे जब लियोनेल मेस्सी ने अपने कौशल और कलात्मकता का शानदार नमूना पेश करके गोल दागा लेकिन अर्जेंटीना को विश्व कप में नाईजीरिया को हराने के लिये 86वें मिनट तक इंतजार करना पड़ा। मार्कोस रोजो आखिर में मैच विजेता साबित हुए जिनके गोल से अर्जेंटीना ने ग्रुप डी के करो या मरो वाले मुकाबले में कल रात यहां 2-1 से जीत दर्ज करके अंतिम-16 में जगह बनायी। रोजो ने आखिर जार्ज साम्पाओली की असंगठित लेकिन बेताब दिख रही टीम की विश्व कप में उम्मीदें जीवंत रखी।
लेकिन अर्जेंटीना के इस स्थानापन्न खिलाड़ी के निर्णायक गोल से पहले सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में उसके नंबर दस यानि मेस्सी के पांवों का जादू देखने को मिला। उन्होंने 14वें मिनट में गोल करके दिखाया कि आखिर में उन्हें दुनिया का सर्वश्रेष्ठ फुटबालर क्यों कहा जाता है।मैच में अभी रोमांच बाकी था। जेवियर मासचेरेनो की गलती से दूसरे हाफ के शुरू में नाईजीरिया को पेनल्टी मिल गयी जिसे 51वें मिनट में विक्टर मोजेज ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद अगले 35 मिनट तक लग रहा था कि अर्जेंटीना का सफर यहीं पर थम जाएगा और नाईजीरिया अगले दौर में पहुंच जाएगा। अर्जेंटीना ने शुरू से आक्रामक तेवर अपनाये और फिर मेस्सी ने गोल दागने में देर नहीं लगायी। उन्होंने इवर बानेगा का पास अपनी बायीं जांघ से नियंत्रित किया और फिर छह कदम आगे जाकर अपने बायें पांव से करारा शॉट जमाकर उसे गोल के हवाले कर दिया। फ्रांसिस उजोहो के पास उनके इस खूबसूरत शॉट का कोई जवाब नहीं था।माराडोना अपनी सीट से उछल पड़े। उन्होंने अपनी छाती पर क्रास का चिन्ह बनाया। लगभग हर अर्जेंटीनी प्रशंसक की यही स्थिति थी क्योंकि उनकी टीम इस मैच में जीत दर्ज करने पर ही आगे बढ़ पाती। अब अर्जेंटीना अंतिम-16 में पहुंच चुका है जहां उसका सामना शनिवार को कजान में फ्रांस से होगा।

