विमान हादसे की जांच करेगा विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो : डीजीसीए
नयी दिल्ली , 28 जून | नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने आज कहा कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो मुंबई में आज चार्टर्ड विमान हादसे की विस्तृत जांच करेगा।
नागरिक उड्डयन महानिदेशक बी एस भुल्लर ने पीटीआई – भाषा से कहा , ‘‘ विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो हादसे की विस्तृत जांच करेगा। डीजीसीए का एक दल पहले ही घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है। ’’
मंत्रालय में एक अधिकारी ने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने राहत अभियान में मदद करने के लिए अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने को भी कहा है।
उन्होंने बताया कि मंत्री ने जांच अधिकारियों से हादसे की वजह का पता लगाने के लिए भी कहा है।
पुलिस ने बताया कि आज दोपहर करीब डेढ़ बजे मुंबई में घाटकोपर इलाके के सर्वोदय नगर में छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पुलिस उपायुक्त (जोन -7) अखिलेश सिंह ने पीटीआई – भाषा को बताया कि पुलिस , दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन के दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।

