बलूचिस्तान में राकेट हमले में छह पाक सुरक्षाकर्मियों की मौत, दो घायल
कराची , चार जुलाई : पाकिस्तान के हिंसाग्रस्त बलूचिस्तान प्रांत में उग्रवादियों के राकेट हमले में छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार को आवारान जिले के माशकई इलाके से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी इलाके में उस वक्त हुई जब बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) के सदस्य इलाके को बारूदी सुरंगों और विस्फोटकों से मुक्त करने में लगे थे।
अधिकारी ने बताया , ‘‘ उग्रवादियों ने पहाड़ों से टीम पर हमला करने के लिए राकेटों का इस्तेमाल किया। विस्फोटों में बीडीएस के छह सदस्यों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। ’’

