एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में ओमान के खिलाफ पहला मैच खेलेगा भारत
नयी दिल्ली , पांच जुलाई : गत चैम्पियन भारत 18 अक्तूबर से मस्कट में शुरू हो रही पांचवीं एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में मेजबान ओमान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी ।
एशियाई हाकी महासंघ ने 18 से 28 अक्तूबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के कार्यक्रम की आज घोषणा की । भारत के अलावा छह देशों के इस टूर्नामेंट में मलेशिया , पाकिस्तान , दक्षिण कोरिया , जापान और ओमान खेलेंगे ।
भारत टूर्नामेंट में सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है और खिताब की प्रबल दावेदार भी है ।
विश्व रैकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारत को 12 वीं रैकिंग वाली मलेशिया और 13 वीं रैकिंग वाली पाकिस्तानी टीम से कड़ी चुनौती मिल सकती है ।
हर टीम पांच राउंड राबिन मैच खेलेगी जिसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी ।
बाकी दो टीमें पांचवें स्थान के लिये खेलेंगी । फाइनल और कांस्य पदक का मुकाबला 28 अक्तूबर को होगा ।
भारत ने 2011 और 2016 में यह खिताब जीता था । भारत का सामना 20 अक्तूबर को पाकिस्तान से और अगले दिन जापान से होगा । उसे 23 अक्तूबर को मलेशिया और 24 को दक्षिण कोरिया से खेलना है ।

