खेल हिंदी न्यूज़ 

स्वीडन को हराकर इंग्लैंड 28 साल में पहली बार विश्व कप सेमीफाइनल में

समारा, सात जुलाई: हैरी मैगुइरे और डेले अली के गोलों की मदद से इंग्लैंड ने एकतरफा मुकाबले में स्वीडन को 2 . 0 से हराकर 1990 के बाद पहली बार फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया ।

लीसेस्टर के डिफेंडर मैगुइरे ने 30वें मिनट में कार्नर पर पहला गोल किया जबकि अली ने 59वें मिनट में दूसरा गोल दागा ।

आखिरी आधे मिनट में स्वीडन के खिलाड़ियों ने कई हमले बोले लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर जोर्डन पिकफोर्ड ने पूरी चुस्ती दिखाते हुए उन्हें कामयाब नहीं होने दिया ।

नौ प्रतिस्पर्धी मैचों में स्वीडन पर इंग्लैंड की यह दूसरी जीत है । अब उसका सामना 11 जुलाई को सेमीफाइनल में मेजबान रूस या क्रोएशिया से होगा ।

कोच साउथगेट ने उस टीम में कोई बदलाव नहीं किया था जिसने अंतिम 16 में कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में हराया था । वहीं स्विटजरलैंड को एक गोल से हराने वाली स्वीडिश टीम में निलंबन के बाद सेबेस्टियन लारसन की वापसी हुई ।

 

शुरूआती पलों में विक्टर क्लाएसन ने कई मौके बनाये लेकिन कामयाबी नहीं मिली । दूसरी ओर छह गोल कर चुके गोल्डन बूट के दावेदार हैरी केन का एक शाट बाहर निकल गया ।

पहले हाफ में एशले यंग से बायीं ओर से मिली गेंद पर मैगुइरे ने पहला गोल दागा । हाफटाइम से पहले रहीम स्टर्लिंग बढत दुगुनी करने के करीब पहुंचे लेकिन उनका शाट रोबिन ओल्सेन ने बचा लिया ।

 

दूसरे हाफ की शुरूआत में ही मार्कस बर्ग का हेडर इंग्लैंड के गोलकीपर ने बचाया । एक घंटे से एक मिनट पहले अली ने दूसरा गोल दागा तो स्टेडियम में मौजूदा इंग्लैंड के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई ।

आखिरी पलों में स्वीडन ने वापसी की कोशिशें की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी ।

Related posts

Translate »