कंसास सिटी के रेस्टोरेंट में गोली लगने से 25 वर्षीय भारतीय छात्र की मौत
वाशिंगटन , आठ जुलाई : अमेरिका के मिजोरी राज्य के कंसास सिटी के एक रेस्टोरेंट में वहां काम करने वाले 25 वर्षीय एक भारतीय छात्र की पीठ में गोली लगने से मौत हो गयी। ऐसा संदेह है कि यह घटना लूटपाट के प्रयास के दौरान हुई।
अधिकारियों ने बताया कि कंसास सिटी पुलिस ने युवक की पहचान मिजोरी – कंसास सिटी विश्वविद्यालय के छात्र शरत कोप्पू के रूप में की है। उसे जे’स फिश ऐंड चिकन मार्केट में शुक्रवार शाम को गोली मारी गयी जहां वह अंशकालिक कर्मचारी के रूप में काम करता था। अस्पताल ले जाने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी।
कोप्पू तेलंगाना का रहने वाला था और सॉफ्टवेयर इंजीनियर था । वह स्नातकोत्तर की डिग्री लेने जनवरी में अमेरिका आया था।
शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास की ओर से कल ट्वीट किया गया, ‘‘ मिसौरी के कंसास सिटी में एक भारतीय छात्र गोलीबारी का शिकार हो गया। हम उसके परिवार वालों और पुलिस के संपर्क में हैं। हम हर सभंव सहायता मुहैया कराएंगे। हमारे अधिकारी भी कंसास सिटी की ओर रवाना हो गये हैं। ’’

