बच्चों को गुफा से बाहर निकालने का काम शुरू
मे साई (थाईलैंड) आठ जुलाई : उत्तरी थाईलैंड की थाम लुआंग गुफा में दो सप्ताह से अधिक समय से फंसे 12 लड़कों और उनके सहायक फुटबॉल कोच को बाहर निकालने का काम आज शुरू किया गया।
बचाव अभियान के प्रमुख ने यह जानकारी दी।
‘‘ वाइल्ड बोर्स ’’ नाम की यह फुटबॉल टीम गुफा में 23 जून से फंसी है। ये लोग अभ्यास के बाद वहां गए थे और भारी मानसूनी बारिश की वजह से गुफा में काफी पानी भर जाने के बाद वहां फंस गए।
इस घटना ने समूचे थाईलैंड और दुनियाभर का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। अधिकारी लगातार लड़कों और उनके कोच को बाहर निकालने के लिए संघर्ष कर रहे थे।
बचाव अभियान के प्रमुख नारोंगसाक असोतानाकोर्न ने पत्रकारों से कहा , ‘‘ आज बच्चों को बाहर निकालने के काम को अंजाम दिया जाएगा। लड़के किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। ’’
उन्होंने कहा कि स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे पहले बच्चे को गुफा से बाहर निकाले जाने की संभावना है। इस पूरे कार्य में करीब 11 घंटे का समय लगेगा।
अधिकारियों से आज सुबह मीडिया से कहा था कि वे गुफा के पास स्थित शिविर के पास की जगह को खाली कर दें।
उन्होंने मीडियाकर्मियों को वहां से जाने को कहा जिससे ‘‘ पीड़ितों ’’ की मदद की जा सके।
पुलिस ने इस जगह लाउडस्पीकर से घोषणा की , ‘‘ सभी लोग जो अभियान से जुड़े नहीं हैं तत्काल इस इलाके से बाहर चले जाएं। ’’

