भारतीय छात्र की हत्या मामले में कुछ सूचना मिली: पुलिस
वाशिंगटन , नौ जुलाई : कंसास पुलिस ने कहा है कि रेस्तरां में लूटपाट की वारदात के दौरान भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में उन्हें कुछ सूचना मिली है।
पुलिस ने सूचना देने वाले समुदाय से मामले को सुलझाने में मदद करने को भी कहा है।
यूनिवर्सिटी ऑफ मिसौरी – कंसास सिटी के 25 वर्षीय छात्र शरत कोप्पू की शुक्रवार की शाम जेज फिश एंड चिकन मार्केट में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी जहां वह अंशकालिक कर्मचारी के तौर पर काम करता था।
अस्पताल ले जाने के तुरंत बाद उसकी मौत हो गई थी।
कंसास स्टार की खबर के मुताबिक पुलिस प्रवक्ता लियोनेल कोलोन ने कल एक ई – मेल में बताया , “ अब तक केवल तीन सूचनाएं मिली हैं। ”
खबर में बताया गया , “ हमने समुदाय से संदिग्ध की पहचान करने में मदद करने को कहा है। ”
पुलिस ने हमलावर की पहचान की पुष्टि नहीं की है लेकिन गोलीबारी से ठीक पहले रेस्तरां के भीतर एक संदिग्ध की गतिविधि की सर्विलांस फुटेज जारी की है।
खबर में कहा गया कि इस हत्या के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने लोगों से इस घटना से जुड़़ी कोई भी सूचना कानून प्रवर्तन एजेंसी तक पहुंचाने को कहा है।

