खेल हिंदी न्यूज़ 

अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में रिले टीम ने जूनियर राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया, हिमा का अभियान खत्म

टेम्पेरे (फिनलैंड), 14 जुलाई :विश्व अंडर -20 चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ की नयी चैंपियन हिमा दास का अभियान यहां चल रही इस प्रतियोगिता में 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में भारतीय महिला टीम के जूनियर राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने के साथ खत्म हो गया।

 

हालांकि रिले टीम स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना पायी। टीम में एस वेंकटसेन , जिस्ना मैथ्यू , रितिका और हिमा शामिल थीं। टीम ने दूसरी हीट में तीन मिनट , 39.10 सेकेंड लेकर चौथा स्थान हासिल किया।

 

तीन हीट में से हर हीट की दो शीर्ष टीमों ने फाइनल में जगह बनायी।

 

हालांकि भारतीय टीम फाइनल में जगह नहीं बना पायी , उसने 2002 में बैंकॉक में बने तीन मिनट , 40.50 सेकेंड के पिछले राष्ट्रीय रिकार्ड को बेहतर किया।

 

वहीं महिलाओं की त्रिकूद स्पर्धा में प्रियदर्शिनी सुरेश ग्रुप ए के क्वालीफिकेशन राउंड में 10 वें स्थान पर रहते हुए बाहर हो गयीं।

 

रिले टीम स्पर्धा टूर्नामेंट में हिमा की आखिरी स्पर्धा थी। उन्होंने 12 जुलाई को 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर इतिहास रचा था। वह किसी विश्व स्तरीय प्रतियोगिता के ट्रैक स्पर्धा में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय हैं।

Related posts

Translate »