Sanju Box Office Collection Day 16: 300 करोड़ के क्लब में शामिल ‘संजू’, Ant Man और Soorma नहीं रोक पाए कमाई
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘संजू (Sanju)’ ने रिलीज के 16वें दिन 300 करोड़ रुपये का बिजनेस भारतीय बॉक्स ऑफिस से कर डाला है. 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली यह बॉलीवुड की 7वीं फिल्म बनकर उभरी है. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, ‘संजू’ ने कमाई के नए रिकॉर्ड्स बनाए हैं. फिल्म ने दो दिन में 50 करोड़, तीन दिन में 100 करोड़, 5 दिन में 150 करोड़, 7 दिन में 200 करोड़ और 10 दिनों में 250 करोड़ का आंकड़ा पार किया. हालांकि, 250 से 300 करोड़ का सफर तय करने में फिल्म को 6 दिन का वक्त लगा और 16वें दिन फिल्म 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने में कामयाब रही ‘संजू’ हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 6वीं फिल्म बन गई है. मालूम हो कि, ‘बाहुबली 2’ हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा बिजनेस करने वाली फिल्म है. लिस्ट में दूसरा स्थान आमिर खान स्टारर ‘दंगल’ और तीसरी पोजिशन पर ‘पीके’ है. चौथे और पांचवे नंबर पर सलमान खान की फिल्में ‘टाइगर जिंदा है’ और ‘बजरंगी भाईजान’ का कब्जा है. जबकि, छवीं पोजिशन पर रणबीर कपूर स्टारर ‘संजू’ ने अपनी जगह बनाई है. तरण आदर्श ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही ‘संजू’ सलमान खान की फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ का रिकॉर्ड तोड़ देगी. इस शुक्रवार ‘संजू’ को टक्कर देने दो फिल्में Soorma और Ant Man And The Wasp बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई. लेकिन दोनों ही फिल्म ‘संजू’ की कमाई पर खासा असर नहीं डाल पाई.
