भुवनेश्वर की फिटनेस मुद्दे पर बीसीसीआई का सहयोगी स्टाफ सवालों के घेरे में
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान भुवनेश्वर कुमार की पीठ की चोट बढ़ने के बाद भारतीय टीम के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट और ट्रेनर शंकर बासु की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के इस तेज गेंदबाज की पीठ में आईपीएल की शुरुआत से तकलीफ थी और वह ब्रिटेन दौरे के दौरान सीमित ओवरों के सभी मैचों में भी नहीं खेले। भुवनेश्वर को फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ पहले तीन टेस्ट के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है क्योंकि बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी हालत का आकलन कर रही है। टीम चयन की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी हालांकि ‘ हैरान ’ हैं कि अगर भुवनेश्वर पूरी तरह फिट नहीं था तो फिर तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में क्यों खेला। भुवनेश्वर की चोट के बारे में पूछने पर अधिकारी ने जवाब दिया , ‘‘ कृपया जाइये और रवि शास्त्री से यह सवाल कीजिए। ’’उन्होंने कहा , ‘‘ जैस ही हमने कहा कि उसने अपनी चोट को बढ़ा लिया है तो हमने स्वीकार किया कि वह पूरी तरह से फिट नहीं था। इसलिए अगर वह हमारी टेस्ट मैचों की योजनाओं का अहम हिस्सा है तो एकदिवसीय मैच के लिए उसे लेकर जोखिम क्यों उठाया गया। ’’ सवाल उठाए जा रहे हैं कि फरहार्ट और बासु ने भुवनेश्वर की फिटनेस पर उचित अपडेट दिया या नहीं। अधिकारी ने कहा , ‘‘ अगर आप आईपीएल में देखें तो भुवी सनराइजर्स के लिए 17 में से पांच मैचों में नहीं खेला। बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजी से उसके काम के बोर्ड के प्रबंधन पर ध्यान देने को कहा था। इसके बाद उसे अफगानिस्तान टेस्ट से भी आराम दिया गया जिससे कि उसे ब्रिटेन दौरे के लिए उबरने के लिए समय मिले। लेकिन ऐसा लग रहा है कि कुछ गलत हुआ है और यह निराशाजनक है।
