राष्ट्रीय हिंदी न्यूज़ 

कांग्रेस सरकार 2009 तक पूर्ण विद्युतीकरण के वादे को पूरा करने में विफल रही : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार और तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर आरोप लगाया कि वह 2009 तक देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाने के वादे को पूरा करने में असफल रही हैं।उन्होंने कहा कि तब कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं गांधी ने आगे बढ़कर कहा था कि 2009 तक देश के सभी घरों में बिजली पहुंच जाएगी।प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य) के लाभार्थियों से बात करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘जब हम सरकार में आए तो 18,000 गांव ऐसे थे जहां बिजली नहीं थी। पहले की सरकारों ने बिजली पहुंचाने के कई वादे किए, लेकिन वे पूरे नहीं हुए। उस दिशा में कुछ नहीं किया गया।’’
मोदी ने कहा, ‘‘13 साल पहले 2005 में जब कांग्रेस की सरकार थी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे। उन्होंने वादा किया था कि 2009 तक सभी गांवों को बिजली देंगे। तब की कांग्रेस अध्यक्ष (गांधी) ने आगे बढ़कर कहा था कि 2009 तक सभी घरों को बिजली उपलब्ध करायी जाएगी।’’ गौरतलब है कि मौजूदा सरकार ने 16,320 करोड़ रुपये की सौभाग्य योजना पिछले साल सितंबर में शुरू की थी। इसके तहत बिजली अब तक वंचित 3.6 करोड़ घरों को 31 मार्च, 2019 तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है। हालांकि, सरकार इन घरों को 31 दिसंबर, 2018 तक रोशन करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।इस माह की शुरुआत में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बिजली मंत्रियों ने शिमला में हुई बैठक में 31 दिसंबर, 2018 तक सभी घरों तक बिजली पहुंचाने की प्रतिबद्धता जतायी थी।मोदी ने कहा कि जो जन कल्याण के बारे में सोचते हैं, उन्हें गांव जाना चाहिए। उनसे विद्युतीकरण के बारे में पूछना चाहिए रपटें बनानी चाहिए और समाज से इस बारे में बात करनी चाहिए।

Related posts

Leave a Comment

Translate »