विदेश हिंदी न्यूज़ 

पाकिस्तान में इमरान खान समेत 329 सदस्यों ने नेशनल असेंबली में शपथ ली

पाकिस्तान के भावी प्रधानमंत्री इमरान खान समेत 329 नवनिर्वाचित सदस्यों ने आज नेशनल असेंबली में शपथ ली. इसके साथ ही क्रिकेटर से नेता बने खान के लिए देश में लगातार तीसरी लोकतांत्रिक सरकार बनाने के लिए मंच तैयार हो गया है.  निवर्तमान अध्यक्ष एयाज सादिक ने 342 सदस्यीय सदन में नेताओं को शपथ दिलाई जिसके बाद 15वीं नेशनल असेंबली के पहले सत्र का समापन हुआ. 329 सदस्यों ने एक रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर किए. जियो न्यूज की एक खबर के मुताबिक सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद नेशनल असेंबली का सत्र 15 अगस्त को सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.  राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने आज सुबह दस बजे संसद भवन में निचले सदन नेशनल असेंबली का पहला सत्र बुलाया था. इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के आम चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने के 19 दिन बाद संसद सत्र बुलाया गया. पीटीआई प्रमुख खान तथा पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) अध्यक्ष शहबाज शरीफ, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी तथा पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली समेत अन्य प्रतिष्ठित नेताओं ने भी शपथ ग्रहण कीडॉन अखबार की एक खबर के मुताबिक, पीटीआई प्रमुख ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया और बिलावल के साथ तस्वीर खिंचवाई. अध्यक्ष ने घोषणा की कि नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव 15 अगस्त को होगा. पीटीआई ने अध्यक्ष पद के लिए असद कैसर को नामित किया है जबकि विपक्ष ने इस पद के लिए संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर पीपीपी के खुर्शीद शाह को नामित किया है.

 

Related posts

Translate »