अर्थ हिंदी न्यूज़ 

गोयल ने जेट एयरवेज के संकट से विमानन सचिव को अवगत कराया

मुंबई, 14 अगस्त : वित्तीय संकट से जूझ रही विमानन कंपनी जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल ने कल राजधानी में नागर विमानन सचिव आर एन चौबे से मुलाकात की और उन्हें कंपनी में जारी मौजूदा संकट से अवगत कराया।

जेट एयरवेज इस समय उसकी वित्तीय चिंताओं को लेकर नियामकों के साथ साथ कर्मचारियों के निशाने पर है।

गोयल ने पिछले सप्ताह अपने शेयरधारकों से कहा था कि उनको हो रहे नुकसान पर वह खुद को दोषी मान रहे हैं और इसको लेकर वह शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं।

इस बीच, सूत्रों ने बताया कि एयरलाइन द्वारा धन जुटाने की योजना के बीच गोयल लंदन चले गए हैं।

जेट एयरवेज ने नौ अगस्त को अपनी जून तिमाही के नतीजे टाल दिए थे। उसके बाद विमानन मंत्रालय ने कहा था कि उसकी एयरलाइन के घटनाक्रमों पर निगाह है।

चौबे ने कहा था, ‘‘‘हम जेट एयरवेज के घटनाक्रमों पर नजर रखे हुए हैं।’’

इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि एयरलाइन ने मंत्रालय से संपर्क नहीं किया है और उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं है। ‘‘लेकिन जब एयरलाइंस दिक्कत में होती हैं, तो वे हमारे पास आती हैं।’’

इस बारे में संपर्क करने पर एयरलाइन ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि गोयल कारोबारी यात्रा पर विदेश चले गए हैं। जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने पीटीआई -भाषा से कहा,‘‘चेयरमैन ने सोमवार को विमानन सचिव से क्षेत्र और एयरलाइन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया।’’

Related posts

Translate »