सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है मोदी की गारंटी वाली गाड़ी –नरेन्द्र गुप्ता
फरीदाबाद, 19 जनवरी- ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है, मोदी की गारंटी वाली गाड़ी जिला में ‘अंत्योदय’ उत्थान को समर्पित होकर लोगों तक पहुंच रही है। इसी कड़ी में विकसित भारत संकल्प यात्रा आज कृष्णा कॉलोनी व सेक्टर 10 पहुंची, जहां विधायक नरेंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पात्र व्यक्तियों को सरकार की ‘अंत्योदय’ व ’जनकल्याणकारी’ योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक व प्रेरित किया।
उन्होंने लाभार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि मोदी की ‘गारंटी’ वैन ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के रूप में सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी वाली गाड़ी एक संकल्प के साथ पूरे देश में निकाली जा रही है जो हर किसी के लिए खुशहाली लेकर आ रही है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को हमारा संकल्प विकसित भारत की शपथ दिलाई और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पूर्ण आहुति डालनी होगी।

