NATIONAL NEWS NEWS & PRESS RELEASE राष्ट्रीय 

फरीदाबाद से अयोध्या भगवान श्री राम मन्दिर दर्शन के लिए बस सेवा का हुआ शुभारंभ : मूलचंद शर्मा
-कहा प्रदेश के हर जिला से परिवहन विभाग की सीधी बसें अयोध्या के लिए की जाएगी शुरू
-कैबिनेट मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने विधायक सीमा त्रिखा, नरेन्द्र गुप्ता की उपस्थिति में बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बल्लभगढ (फरीदाबाद), 04 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर अयोध्या के लिए हरियाणा रोडवेज की बस सुविधा शुरू की गई है। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने रविवार को बल्लभगढ़ से हरियाणा रोडवेज बस को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या नगरी के लिए रवाना किया।
इस दौरान उनके साथ विधायक सीमा त्रिखा, विधायक नरेंद्र गुप्ता व अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने अयोध्या जाने वाली बस में सफर करते हुए कहा कि हरियाणा के हर जिला से अयोध्या के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जो लोग महंगे सफर की वजह से अयोध्या नहीं जा सकते थे, अब उन्हें इसके लिए सोचना नहीं पड़ेगा, क्योंकि हरियाणा रोडवेज की बस सस्ते में अयोध्या में भगवान श्रीरामचंद्र के दर्शन करने के लिए सफर करवाएगी। कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि  सरकार द्वारा आमजन के लिए परिवहन की सुविधा को ज्यादा से ज्यादा सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोग अधिक से अधिक हरियाणा राज्य परिवहन की बसों का लाभ उठाएं। उन्होंने आमजन मानस से अपील करते हुए कहा कि हरियाणा राज्य परिवहन को देश में सभी वर्ग के लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने का काम किया है।
इस मौके पर विधायक नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा का यह एक ऐतिहासिक फैसला है कि अयोध्या के लिए बस का संचालन किया जा रहा है, जिससे जनता को सीधे हरियाणा परिवहन की बस सेवा के जरिए अयोध्या नगरी में भगवान श्री राम के दर्शन होंगे। विधायक सीमा त्रिखा ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच और परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा द्वारा शुरू की गई बस सुविधा के लिए उनका धन्यवाद व आभार प्रकट किया।
उल्लेखनीय है कि बल्लभगढ से अयोध्या के लिए हरियाणा रोडवेज बस का एक ओर से किराया मात्र 960 रुपए प्रति टिकट है और यह बस प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे बल्लबगढ़ से अयोध्या के लिए संचालित होगी।
वहीं अयोध्या के लिए सफर कर रहे यात्रियों में श्रीराम जन्म भूमि के लिए शुरू की गई हरियाणा रोडवेज की बस सुविधा से खुशी देखी गई। लोग हरियाणा सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए जय श्री राम के नारे लगाते हुए नजर आए।
परिवहन विभाग की बस में सफर करते हुए भारत कालोनी निवासी प्यारेलाल व कौशल दीक्षित, सेक्टर-19 निवासी विजय कुमार व राजीव, बल्लबगढ़ निवासी संजू राणा ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा का जनता को राम मंदिर में राम लल्ला के दर्शन के लिए अयोध्या बस सेवा शुरू करना सनातन धर्म के लोगों के लिए सराहनीय कदम है। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के सनातन धर्म के सभी लोग बस में अयोध्या जाकर भगवान श्री राम के दर्शन सहज ही कर पाएंगे। अयोध्या बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, टिपरचंद शर्मा, हर प्रसाद गौड, जगत भूरा, प्रेम खट्टर, लखन बेनीवाल, नवीन चेची, मुकेश डागर, सुषमा यादव, महाप्रबंधक लेखराज सहित शहरवासी मौजूद रहे।फोटो परिचय–फरीदाबाद–01,02,03,04,05–श्रीरामचंद्र की जन्म भूमि अयोध्या नगरी के लिए हरियाणा रोडवेज की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा। साथ में हैं विधायक सीमा त्रिखा व विधायक नरेन्द्र गुप्ता।

Related posts

Leave a Comment

Translate »