जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन 29 जुलाई तक : डीसी विक्रम सिंह
– नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://navodaya.gov.in/ पर करें ऑनलाइन आवेदन
फरीदाबाद, 28 जून।
डीसी विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा सत्र 2026 (कक्षा-6) के लिए समय पर आवेदन अवश्य करें। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि आगामी 29 जुलाई 2025 को रात 12:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि जिले के सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने 1 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के बीच जन्म लिया हो, वे आवेदन के पात्र हैं।
डीसी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। इसके लिए विद्यार्थी को अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य से अध्ययन प्रमाण पत्र लेना होगा, जिसे सत्यापित करवाकर नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://navodaya.gov.in/ पर अपलोड करना होगा। आवेदन किसी भी ई-मित्र केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या स्वयं के कंप्यूटर से भरा जा सकता है। चयन परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 11:30 बजे आयोजित की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज़ों में शामिल हैं:
• प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित अध्ययन प्रमाण पत्र
• विद्यार्थी का स्वयं का फोटो
• विद्यार्थी व अभिभावक के हस्ताक्षर
• आधार कार्ड की प्रति
जवाहर नवोदय विद्यालय अनिल कुमार यादव ने जिले के समस्त अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ाएं।

