विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर 14 अगस्त को फरीदाबाद में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
– दौरे का मुख्य उद्देश्य ज़िला फरीदाबाद में होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए स्थलीय निरीक्षण रहा
– हर घर तिरंगा अभियान के तहत 10 से 13 अगस्त तक निकाली जाएंगी तिरंगा यात्राएं
फरीदाबाद, 4 अगस्त।
हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने आगामी 14 अगस्त को फरीदाबाद में आयोजित होने वाले ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा की।
उपाध्यक्ष ने बताया कि यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम फरीदाबाद के दशहरा ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त कई मंत्री, विधायक एवं सांसद भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
डॉ. मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि देश की जनता विशेषकर युवाओं को विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं की जानकारी मिल सके। यह आयोजन भविष्य की पीढ़ियों को इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अवसर पर 6 से 8 अगस्त तक जिलेभर में संगोष्ठियों, चित्र प्रदर्शनी व विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 14 अगस्त की सायं ‘मौन पद यात्रा’ भी निकाली जाएगी।
इसके अतिरिक्त, 10 से 13 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिले के प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं शहीदों की प्रतिमाओं और महापुरुषों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ पूर्व सांसद संजय भाटिया, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम के प्रदेश क्लस्टर हेड जगदीश चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

